
कटनी। शहर में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था और प्रमुख मार्गों पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने पुलिश प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए पत्र सौंपा है। उन्होंने जगन्नाथ चौक सहित शहर के जाम प्रभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और आम नागरिकों को राहत दिलाने की मांग की है।
अमित शुक्ला ने पत्र में बताया कि जगन्नाथ चौक पर पुल के ऊपर बसों के खड़े होने और अव्यवस्थित वाहन पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति निर्मित होती है। इससे आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बसों के लिए नदी के पास उचित एवं निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो। यह भी कहा कि जाम की स्थिति कई बार इतनी गंभीर हो जाती है कि एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी फंस जाते हैं। इससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हो सकती है। यह केवल यातायात का नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से जगन्नाथ चौक के स्थानीय निवासियों और व्यापारियों के साथ बैठक कर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। साथ ही शहर के अन्य जाम प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने, अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण लगाने और प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही है।
अब देखना होगा कि शहरवासियों को रोजाना जाम से जूझने की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन कब तक ठोस कदम उठाता है।






