“बरही अग्निकांड पर कांग्रेस पार्षदों का बड़ा फैसला, सामूहिक इस्तीफे से मचा हड़कंप!”

कटनी/बरही। दीपावली की रात बरही नगर में अग्रवाल परिवार के घर हुए भीषण अग्निकांड में 6 लोगों की मौत के बाद अब प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। घटना से आहत नगर परिषद बरही के कांग्रेस पार्षदों ने बड़ा कदम उठाते हुए अपने पदों से सामूहिक त्यागपत्र देने का फैसला किया है।

कांग्रेस पार्षदों ने 11 नवंबर को कटनी कलेक्टर को पत्र सौंपकर सामूहिक इस्तीफे की पेशकश की है। साथ ही अग्निकांड के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

पत्र में पार्षदों ने क्या कहा?

कलेक्टर को भेजे गए पत्र में पार्षदों ने उल्लेख किया कि 8 नवंबर की दीपावली की रात अग्रवाल परिवार में हुए भीषण अग्निकांड में 6 निर्दोष लोगों की असामयिक मौत ने पूरे नगर को झकझोर दिया है। इस घटना ने नगर परिषद की आपातकालीन व्यवस्थाओं और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्षदों ने कहा कि घटना से आहत होकर, नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए वे अपने पदों से सामूहिक त्यागपत्र दे रहे हैं।

इन कांग्रेस पार्षदों ने सौंपा त्यागपत्र

सामूहिक त्यागपत्र देने वालों में श्रीमती प्रज्ञा अजय वर्मा, श्रीमती शिवकुमारी राजेश वंशकार, श्रीमती अंजू कोल, गोवर्धन बढ़ई सहित वार्ड क्रमांक 5 की पार्षद श्रीमती नैंसी अमित गुप्ता और वार्ड क्रमांक 11 की पार्षद श्रीमती पूजा राधेश्याम ताम्रकार के नाम शामिल हैं।

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे अग्निकांड की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में जिन भी अधिकारियों या कर्मचारियों की लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

बरही अग्निकांड के बाद कांग्रेस पार्षदों के सामूहिक त्यागपत्र के इस फैसले ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING