
कटनी। जिले में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए कटनी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने मुड़वारा रेलवे स्टेशन की पार्किंग के पास चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुड़वारा रेलवे स्टेशन की पार्किंग के पास एक युवक चाकू दिखाकर ऑटो चालकों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की पेंट की जेब से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुमित जाटव उर्फ नाबालिग, उम्र 19 वर्ष, निवासी शहजाद बिल्डिंग के सामने, खिरहनी फाटक कटनी बताया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पूर्व से 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 1281/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। साथ ही आरोपी के विरुद्ध अन्य प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी खिरहनी उपनिरीक्षक किशोर द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रामपाल बागरी, सुनील सिंह, आरक्षक चंद्रभान मौर्य एवं विकास राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






