
नई दिल्ली। दीपावली और छठ पर्व के दौरान रेलवे स्टेशनों पर उमड़ रही यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। इसी तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया, साथ ही यात्रियों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।
रेल मंत्री ने बताया कि दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान रेलवे में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आरपीएफ के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं, वहीं निगरानी के लिए 700 अतिरिक्त एआई कैमरे भी लगाए गए हैं। रेलवे का प्रयास है कि स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों को कम से कम समय में अपनी ट्रेन तक पहुंचने की सुविधा मिले। इसके लिए प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट बुकिंग काउंटर, सामान की जांच, पेयजल और स्वच्छ शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाओं को बेहतर बनाते हुए साझा होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। सामान की जांच स्टेशन भवन के बाहर स्थानांतरित की गई है, जिससे अंदर यात्रियों के लिए सुविधाजनक प्रतीक्षालय बनाया जा सका है। रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर करीब 2 करोड़ यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। वहीं मुंबई में लगभग 1.5 करोड़, हैदराबाद में 90 लाख, बेंगलुरु में 1 करोड़ और सूरत-उधना क्षेत्र में करीब 50 लाख यात्रियों की आवाजाही हुई। त्योहारों के दौरान इन शहरों में यात्रियों की दैनिक संख्या में भी भारी इजाफा दर्ज किया गया है। ऐसे में रेलवे अतिरिक्त ट्रेनों, बेहतर निगरानी और यात्री सुविधाओं के जरिए भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है।
रेल मंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर यात्रा अनुभव के लिए लगातार काम कर रही है। अब देखना होगा कि त्योहारों के इस व्यस्त सीजन में रेलवे की ये तैयारियां यात्रियों को कितनी राहत दे पाती हैं।






