“कटनी में नन्हे हाथों की अनूठी पहल, कलेक्टर ने खरीदे बच्चों के बनाए दीपावली उत्पाद” 

कटनी। दीपावली की खुशियों के बीच कटनी में बच्चों के हुनर और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने की एक सराहनीय पहल सामने आई। कलेक्टर आशीष तिवारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मिशन वात्सल्य के तहत संचालित बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों द्वारा तैयार दीपावली के सजावटी उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कलेक्ट्रेट के प्रवेश हॉल में लगाए गए इस स्टॉल पर बच्चों द्वारा तैयार रंग-बिरंगे तोरण, ग्लास कैंडल, वॉल हैंगिंग, झालर, सजावटी दीये और अन्य आकर्षक हस्तनिर्मित उत्पाद प्रदर्शित किए गए थे। कलेक्टर आशीष तिवारी ने बच्चों के बनाए उत्पाद खरीदे और नगद भुगतान कर उनके हुनर को सम्मान दिया।

इस दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी एवं महिला सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री वनश्री कुर्वेती ने भी खरीदारी कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। स्टॉल पर विभिन्न बाल गृह संस्थाओं के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

यह पहल केवल दीपावली उत्पादों की बिक्री तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चों को उनकी प्रतिभा के प्रदर्शन के साथ आर्थिक संबल और आत्मनिर्भर बनने का अवसर देने का माध्यम बनी। बच्चों के हस्तनिर्मित उत्पादों ने वोकल फॉर लोकल का संदेश देते हुए दीपावली की खुशियों में सम्मान, स्वाभिमान और आत्मविश्वास के रंग भी भर दिए।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING