
कटनी। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर कटनी में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में गायत्री नगर, अंबेडकर वार्ड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल संस्थापक अशोक भगेरिया की गरिमामयी उपस्थिति में सर्वप्रथम मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद गरबा प्रतियोगिता में छोटे-छोटे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पारंपरिक गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। संगीत की धुन पर थिरकते नन्हे कदमों ने नवरात्र की खुशियों को और भी खास बना दिया। पूरे कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति और उल्लास का सुंदर संगम देखने को मिला।
कुल मिलाकर, सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित इस गरबा कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, वहीं भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मौजूदगी
स्कूल प्राचार्य रमाकांत दुबे, शिक्षिका रश्मि दबे,रमा चौबे, सुनीता विश्वकर्मा, ऋतु त्रिपाठी, हेमलता रैकवार एवं बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक की मौजूदगी रही।






