“अमकुही फिल्टर प्लांट में हरियाली का महाअभियान, 11 हजार पौधों का लक्ष्य.. “एक पौधा–हर नागरिक” का संदेश, जनभागीदारी से साकार होगा ग्रीन एंड क्लीन कटनी का सपना”

कटनी। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और कटनी को हराभरा बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम द्वारा संचालित “अमृत हरित महाअभियान” के तहत शुक्रवार को अमकुही फिल्टर प्लांट परिसर में वृहद पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों, पर्यावरण प्रेमियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक और निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने पौधा रोपकर किया। इस दौरान सभी ने पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

प्रकृति का संरक्षण ही मानव जीवन की सुरक्षा: महापौर

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण मानव जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है। यदि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो कटनी को हराभरा, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने में बड़ी सफलता मिलेगी। उन्होंने अभियान को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता का मजबूत उदाहरण बताया।

वृक्ष जीवन का आधार: निगमाध्यक्ष

निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि वृक्ष केवल धरती की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि जीवन का आधार हैं। पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर वृक्ष बनें और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, छाया और बेहतर पर्यावरण प्रदान करें।

जनभागीदारी से साकार होगा “ग्रीन एंड क्लीन कटनी” का लक्ष्य

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि पूरे शहर में हरियाली की मजबूत श्रृंखला तैयार करना है। उन्होंने बताया कि अमकुही फिल्टर हाउस परिसर में लगभग 11 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है उन्होंने नागरिकों से घर, विद्यालय, कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की निगमायुक्त ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही “ग्रीन एंड क्लीन कटनी” का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण

अमकुही फिल्टर हाउस परिसर में आयोजित अभियान के दौरान करंज, आंवला, हर्रा-बहेरा, नीम, पीपल, गुलमोहर, काला सिरस, शीशम, कदंब, बरगद सहित विभिन्न छायादार और फलदार प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।

अभियान के माध्यम से नागरिकों को संदेश दिया गया कि पौधारोपण को केवल एक दिन का कार्यक्रम ना बनाकर इसे जीवन का संस्कार बनाया जाए। एक नागरिक–एक पौधा का संकल्प लेकर उसकी जिम्मेदारी से देखभाल की जाए, तभी कटनी वास्तव में हरित, स्वच्छ और पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध शहर बन सकेगा।

इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, उपेंद्र अहिरवार, श्रीमती बीना संजू बनर्जी, पार्षदगण वंदना राज किशोर यादव, सीमा श्रीवास्तव, शकुंतला सोनी, रेखा संजय तिवारी, उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया, सुनील उपाध्याय, अमरीश वर्मा, अभिषेक शर्मा, यज्ञदत्त मिश्रा, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर आशुतोष मानके सहित जिला औद्योगिक संघ, लघु उद्योग भारती, कटनी एक्सरसाइज ग्रुप, स्वसहायता समूह की महिलाएं, विजन समूह के बच्चे, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING