
कटनी, 16 जुलाई। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 17 जुलाई को कटनी जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल स्थित स्टेट हैंगर से सुबह 9:55 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्लीमनाबाद के सलैया फाटक हेलीपैड पर प्रातः 11:25 बजे पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्लीमनाबाद में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे तथा विभिन्न विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे स्लीमनाबाद से हेलीकॉप्टर द्वारा टीकमगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह भी कटनी में मौजूद रहेंगे। प्रभारी मंत्री सुबह 8:30 बजे नरसिंहपुर के लोलारी से कार द्वारा रवाना होकर लगभग 10:30 बजे स्लीमनाबाद पहुंचेंगे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।






