“शादी की खुशियो में लगा ग्रहण! विदा कर लौट रहे दूल्हा-दुल्हन की कार को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर दूल्हा-दुल्हन समेत 5 लोग घायल, ट्रक चालक मौके से फरार”

 

कटनी। कटनी के जुहला सुर्खी टैंक मोड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में चिंता और अफरा-तफरी में बदल दिया। विदाई के बाद अपने घर लौट रहे दूल्हा-दुल्हन की बोलोरो कार को एक बेलगाम ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहडोल जिले के बेनीबारी गांव से दूल्हा-दुल्हन को विदा कराकर परिजन दमोह जिले के हटा क्षेत्र स्थित ग्राम हरदीटोला लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार कटनी के जुहला सुर्खी टैंक के मोड के पास पास पहुंची, कार सवार लोग निस्तार के लिए सड़क किनारे रुके। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बोलोरो कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घायलों में दूल्हा रामा बंजारा (23 वर्ष), दुल्हन लीला बंजारा (25 वर्ष), काढा बंजारा, चन्नू बंजारा सहित एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही एनकेजे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

शादी के बाद घर लौट रहे परिवार के साथ हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच गए।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING