
कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में खेत विवाद के दौरान हुए हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर स्लीमनाबाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 मई 2026 को फरियादी ने थाना स्लीमनाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने खेत का निरीक्षण करने गया था। इस दौरान उसने देखा कि खेत में लगे सागौन के पेड़ काट दिए गए हैं। जब वह इसका वीडियो बना रहा था, तभी राजभान यादव वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा शिकायत के अनुसार कुछ ही देर बाद राजभान यादव के बेटे पप्पू यादव, लालू यादव, सचिन यादव और अंतु उर्फ अमित यादव ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और विवाद में शामिल हो गए। आरोप है कि पप्पू यादव ने लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे फरियादी घायल होकर गिर पड़ा बीच-बचाव करने पहुंचे फरियादी के माता-पिता पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। राजभान यादव ने सब्बल से और पप्पू यादव ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे फरियादी की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोपियों ने जाते समय पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी मामले में थाना स्लीमनाबाद में अपराध क्रमांक 257/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी लगातार तलाश की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम खिरहनी के पास खेत क्षेत्र से मुख्य आरोपी राजभान यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं अन्य आरोपी संदीप उर्फ पप्पू यादव, सचिन यादव, लालू यादव और अंतु उर्फ अमित यादव ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने उनका रिमांड प्राप्त कर पूछताछ शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डहेरिया, एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुदेश कुमार, उप निरीक्षक सौरभ सोनी सहित थाना स्टाफ और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
स्लीमनाबाद पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






