
कटनी। माझी समाज जिला कटनी द्वारा रविवार को बस स्टैंड ऑडिटोरियम में युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में कटनी सहित बाहरी क्षेत्रों से आए 200 से अधिक विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय देकर सामाजिक एकता और समरसता की मिसाल पेश की।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गुहराज निषादराज जी की पूजा-अर्चना से हुई, जिसे पुरोहित राजकुमार बर्मन ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी उपस्थित रहीं, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला, यशभारत के स्थानीय संपादक आशीष सोनी एवं राजीव गांधी कॉलेज रीठी के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र राजपूत शामिल रहे।
अतिथियों का स्वागत पुष्पहारों से किया गया। महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि इस प्रकार के परिचय सम्मेलन समाज को मजबूत बनाने की दिशा में अनुकरणीय पहल हैं।
अशोक विश्वकर्मा ने महंगाई के दौर में ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताते हुए समाज की एकजुटता पर जोर दिया। अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
युवाओं को मिली जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दूसरे चरण में माझी समाज जिला कटनी की कमान युवा नेतृत्व को सौंपने की घोषणा की गई। जिलाध्यक्ष महेश सोंधिया ने नगर अध्यक्ष एवं पत्रकार आशीष रैकवार को कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया। इस अवसर पर उनका पुष्पहारों से स्वागत किया गया। आशीष रैकवार ने नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
सम्मान समारोह आयोजित
सम्मेलन के दौरान समाज के संरक्षक किशोरीलाल बर्मन (दीवान जी) एवं जिलाध्यक्ष महेश सोंधिया का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राजेश निषाद एवं विजय सोंधिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन आशीष रैकवार ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाज के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।








