
गोटेगांव।शासन के निर्देशानुसार सांदीपनि विद्यालय गोटेगांव में 27 जनवरी से 31 जनवरी तक पांच दिवसीय कैरियर मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जा रहा है। इस मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न कैरियर विकल्पों से अवगत कराकर उनके भविष्य को सही दिशा देना है।
मेले का मुख्य आकर्षण 21 कैरियर डोमेन के अंतर्गत 500 से अधिक कैरियर विकल्पों की बैनर-पोस्टर सहित प्रदर्शनी रही, जिसमें एक डोमेन – एक शिक्षक की थीम पर प्रस्तुतीकरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 27 जनवरी को स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। दूसरे दिन 28 जनवरी को हितकारिणी महाविद्यालय जबलपुर से आए प्रोफेसर्स की टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में कैरियर मार्गदर्शन प्रदान किया।
तीसरे दिन कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा मेघा साहू एवं साथियों द्वारा स्वागत गीत एवं कैरियर गीत से की गई। 29 जनवरी को आईटीआई गोटेगांव की प्राचार्य सुश्री रितु बागटे, स्टेट बैंक के ब्रांच मैनेजर प्रवीण शिंदे, उन्नत कृषक राजीव जैन टीनू, विकास इंडस्ट्रीज के संचालक मोहित जैन, पारस डेंटल क्लीनिक के संचालक डॉ. कपिल जैन तथा नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती रेखा झारिया ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों को उपयोगी कैरियर टिप्स दिए राजीव जैन टीनू ने स्मार्ट कृषि को भविष्य का बेहतर विकल्प बताया, वहीं प्रवीण शिंदे ने बैंकिंग क्षेत्र में कैरियर संभावनाओं पर प्रकाश डाला। मोहित जैन ने स्टार्टअप और रोजगार के अवसरों, डॉ. कपिल जैन ने रुचि अनुसार कैरियर चयन, जबकि श्रीमती रेखा झारिया ने नर्सिंग क्षेत्र में नर्स से प्रोफेसर तक के अवसरों की जानकारी दी। आईटीआई के नवीन आयामों की जानकारी प्राचार्य रितु बागटे द्वारा साझा की गई प्रदर्शनी के दौरान प्रत्येक स्टॉल पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुतीकरण दिया और आगंतुकों ने फीडबैक डायरी एवं फीडबैक बोर्ड में अपने विचार अंकित किए।
कार्यक्रम का निरीक्षण जिला स्तर की टीम प्रभारी प्रीति राज वर्मा (प्राचार्य) एवं सुश्री रूबी साहू (करियर काउंसलर, विकासखंड गोटेगांव) द्वारा किया गया।
समस्त कार्यक्रम की रूपरेखा छात्रा खुशबू साहू एवं खुशी साहू द्वारा तैयार की गई। कार्यक्रम का निर्देशन विद्यालय प्राचार्य एस.के. सिसोदिया तथा संचालन नोडल शिक्षक मनोज कुमार जैन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए एवं सहभागी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी संजीव नाहर द्वारा आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम का समापन किया गया।






