
कटनी। गुरुवार को शहर के बरगवां स्थित जी.जी. नर्सिंग होम हॉस्पिटल में समाजसेवा की एक सराहनीय पहल देखने को मिली। वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शैफाली गुप्ता के नेतृत्व में चैरीटेबल ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर के दौरान 201 मरीजों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई, जिसमें से 83 मरीजों को मोतियाबिंद से पीड़ित चिन्हित किया गया। सभी चिन्हित मरीजों के निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए गए।
ऑपरेशन के पश्चात प्रत्येक मरीज को निःशुल्क चश्मे एवं आवश्यक दवाइयाँ वितरित की गईं। साथ ही डॉ. शैफाली गुप्ता द्वारा मरीजों को आंखों की देखभाल, सावधानियों एवं नियमित जांच के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर से जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय नागरिकों एवं मरीजों ने इस सेवा भावपूर्ण पहल के लिए डॉ. शैफाली गुप्ता एवं चैरीटेबल ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया।






