“नगर निगम की राजस्व शाखा पर सख्त रुख कम वसूली पर निगमायुक्त नाराज़, 5% से कम वसूली पर वेतन रोकने के निर्देश” 

न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया/

कटनी। नगर निगम की राजस्व शाखा को निगम की “रीढ़” बताते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने साफ शब्दों में कहा कि नगर के अधिकांश विकास कार्य राजस्व आय पर ही निर्भर हैं। ऐसे में सभी राजस्व कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन के साथ करें। यदि कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसे बिना संकोच वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।

शुक्रवार शाम आयोजित राजस्व वसूली की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने यह निर्देश राजस्व, जलकर, बाजार बैठकी एवं ट्रेड लाइसेंस शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए। बैठक में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक सहित संबंधित शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे कम वसूली पर फटकार, डोर-टू-डोर वसूली के निर्देश साप्ताहिक समीक्षा के दौरान सत्यनारायण मिश्रा, संतोष बिरहा, धमेन्द्र परौहा, संतोष गौतम, शैलेन्द्र कुण्डे, पुरुषोत्तम तिवारी, रमाकांत रावत, विश्राम कोल, अजय निगम, अरुण पाठक सहित कई कर्मचारियों की निम्न साप्ताहिक वसूली पर निगमायुक्त ने गहरी नाराजगी जताई।

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी रोजाना बकायादारों से डोर-टू-डोर संपर्क कर वसूली में तेजी लाएं। कम वसूली वाले वार्डों की दैनिक समीक्षा करने एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश सहायक राजस्व अधिकारी को दिए गए साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि आगामी सप्ताह तक वसूली में सुधार नहीं होता और 5 प्रतिशत से कम वसूली रहती है तो संबंधित कर्मचारियों के वेतन का आहरण रोका जाएगा एवं नोटिस जारी किए जाएंगे। आरएसआई प्रमोद खरे एवं लवकुश तिवारी को भी लक्ष्य पूर्ण करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करने के निर्देश दिए गए।

बेहतर वसूली पर तालियां, कर्मचारियों को किया प्रोत्साहित बैठक के दौरान सचिन तिवारी द्वारा 90 प्रतिशत साप्ताहिक वसूली किए जाने पर निगमायुक्त ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उनके वसूली के तरीकों की जानकारी ली गई और अन्य कर्मचारियों को भी उनसे प्रेरणा लेकर रोजाना नागरिकों से संपर्क कर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
जलकर वसूली कमजोर, नल कनेक्शन विच्छेदन के आदेश जलकर शाखा की वसूली संतोषजनक नहीं पाए जाने पर निगमायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। वित्तीय वर्ष की समाप्ति को देखते हुए बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर, अन्य शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारियों की टीम बनाकर नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक को दिए गए।

एक करोड़ साप्ताहिक वसूली का लक्ष्य तय
बैठक में निगमायुक्त ने आवास रिकवरी (बीएलसी) प्रकरणों, ट्रेड लाइसेंस, और बाजार बैठकी वसूली में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही कुल वसूली एवं शेष बकाया की समीक्षा करते हुए प्रति सप्ताह 1 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया और सभी अधिकारियों को तय लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने की सख्त हिदायत दी गई।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING