
कटनी | 25 जुलाई 2025 न्यूज़ वॉइस ऑफ़ इंडिया
नगर निगम कटनी द्वारा अमृत क्रांति योजना के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर किए जा रहे प्रयासों में अब बैंकिंग सेक्टर भी कंधे से कंधा मिलाकर जुड़ने जा रहा है। शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी और निगमायुक्त नीलेश दुबे की मौजूदगी में नगर के विभिन्न प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) मद से नगर में वृक्षारोपण एवं पौधों की सुरक्षा हेतु ट्री गार्ड उपलब्ध कराने पर बैंकों ने सहर्ष सहमति दी। इस कदम को नगर के स्वच्छ, हरा-भरा और पर्यावरणीय दृष्टिकोण से संतुलित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
महापौर प्रीति सूरी ने बैठक में संबोधित करते हुए कहा,
वृक्षारोपण करना तो सरल कार्य है, लेकिन जब तक वह वृक्ष पूर्ण रूप से विकसित न हो, तब तक उसकी सुरक्षा एक बड़ी जिम्मेदारी है। नगर निगम और बैंक प्रबंधन का यह सामूहिक प्रयास आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर वातावरण देगा।
निगमायुक्त नीलेश दुबे ने बैठक में पीर बाबा से चाका तक डिवाइडर पर वृक्षारोपण के साथ-साथ पूरे नगर में ट्री गार्ड्स लगाने की विस्तृत योजना प्रस्तुत की। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से सीएसआर मद से ट्री गार्ड्स उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जिसे सभी प्रतिनिधियों ने सराहा और अपनी भागीदारी देने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को आगामी वृक्षारोपण अभियान में सहभागी बनने का निमंत्रण भी दिया।
उपस्थित बैंक प्रतिनिधि:
इंडियन ओवरसीज बैंक,यूनियन बैंक ऑफ इंडिया,स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (मुड़वारा शाखा),पंजाब नेशनल बैंक,एचडीएफसी बैंक,आईसीआईसीआई बैंक,एक्सिस बैंक,देना बैंक एवं अन्य बैंक शाखाएं
उपस्थित अन्य गणमान्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि:
मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद संजू जीवन चौधरी, उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री मोना करेरा सहित नगर निगम के अधिकारीगण।






