
कटनी कोतवाली पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने वाले 13 असामाजिक और उपद्रवी तत्वों को गिरफ्तार किया है। इन व्यक्तियों को बीएनएसएस धारा 170 के तहत हिरासत में लिया गया है।
बहरहाल पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के मिले निर्देश और लंबे समय से गांजा, स्मैक, जुआ, सट्टा, अवैध शराब विक्रय करने जैसे अपराधों में लिप्त रहने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही के आदेश पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार शर्मा व उनकी टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सघन चैकिंग करते हुए असमाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी क्षेत्र में शांति और सौहार्द्र को भंग करने का प्रयास कर रहे थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बताया कि थाना कोतवाली पुलिस, क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और जो भी असमाजिक तत्व शांति व्यवस्था को भंग करने का प्रयास करेगें उनके विरूद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन ने कहा, “हमारा उद्देश्य कटनी को शांति और कानून-व्यवस्था का आदर्श क्षेत्र बनाना है और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आम नागरिक खुद को जिले में सुरक्षित महसूस कर सकें।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध गतिविधि या उपद्रव के बारे में जानकारी मिले, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें।








