कटनी। जिले में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की बोर्ड परीक्षों के परिणाम में सुधार लाने के लिए कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा किए जा रहे नवाचार में सहयोग प्रदान करने के लिए जिले के विधायकों के बाद अब शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह भी आगे आई हैं। कलेक्टर श्री प्रसाद के नवाचार की जानकारी लगते ही सांसद हिमाद्री सिंह ने सांसद विकास निधि से बड़वारा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सभी शासकीय विद्यालयों के कक्षा 12 वी के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बुकलेट के प्रकाशन हेतु 2.50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। इसके लिए उनके द्वारा विधिवत पत्र भी जारी किया गया है।
अब तक 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत
उल्लेखनीय है कि अब तक कलेक्टर श्री प्रसाद के इस नवाचार के लिए जिले के जनप्रतिनिधियों द्वारा उनकी विकास निधि से 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। जिनमें मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडे और विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक पहले ही अपनी विकास निधि से उक्त नवाचार हेतु 2.50-2.50 लाख रुपए की राशि प्रदान करने स्वीकृति देकर पत्र जारी कर चुके थे। इसी क्रम में अब शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह ने भी अपनी सांसद निधि से 2.50 लाख रुपए की राशि प्रदान करने का स्वीकृति पत्र जारी किया है।
परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए कलेक्टर के गंभीर प्रयास
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की कक्षा 12 वी की बोर्ड परीक्षा के जिले में गुणात्मक सुधार के लिए कलेक्टर कटनी द्वारा नवाचार करते हुए जिले की सभी शासकीय शालाओं के कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए बुकलेट के प्रकाशन का निर्णय लिया गया है। जिसके लिए श्री प्रसाद द्वारा जिले के कक्षा बारहवीं की शिक्षा से संबंधित विषय विशेषज्ञों के माध्यम से बुकलेट की ब्लू प्रिंट तैयार कराई जा चुकी है। जिसमें पूर्व परीक्षाओं में पूछे गए प्रश्नों, संभावित प्रश्नों और चयनित प्रश्नों, अभ्यासों और पाठ्य सामग्री को समाहित कर उनके श्रेष्ठ उत्तरों को सम्मिलित किया गया है।






