
पन्ना।पन्ना जिले के गुनौर में पुलिस ने अवैध शराब और हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 72 लीटर देशी शराब, 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा शराब परिवहन में इस्तेमाल बलेनो कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर की रात गुनौर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बलेनो कार में तीन व्यक्ति अवैध शराब लेकर गुनौर की ओर जा रहे हैं। सूचना में वाहन चालक के पास हथियार होने की भी जानकारी दी गई थी। सूचना पर थाना प्रभारी गुनौर उप निरीक्षक बलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बराछ रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी की कुछ देर बाद बताए गए हुलिए की बलेनो कार क्रमांक MP35ZA-4759 वहां पहुंची पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 8 पेटी देशी प्लेन शराब, कुल 400 क्वार्टर और करीब 72 लीटर शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।वहीं वाहन चालक प्रिंस वर्मा की तलाशी में कमर के पीछे से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया मामले में पुलिस ने प्रिंस वर्मा, आशीष पटेल और अंकित सिंह यादव को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 307/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम और धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने शराब, कट्टा और कारतूस के साथ करीब 7 लाख रुपये कीमत की बलेनो कार भी जब्त की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इस कार्रवाई में गुनौर थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







