
कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर उठाईगिरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन पहले एक सिंधी महिला के गले की सोने की चेन और ब्रेसलेट चोरी की घटना के आरोपियों का अब तक सुराग नहीं लग पाया था कि बदमाशों ने एक और बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।
सत्येंद्र विश्वकर्मा नव दंपत्ति के जीजा
जानकारी के अनुसार, सागर निवासी नवदंपति अक्षय विश्वकर्मा और उनकी पत्नी भारती विश्वकर्मा मैहर दर्शन के बाद रविवार को 22181 गोंडवाना एक्सप्रेस के एस-3 कोच से सागर लौट रहे थे। ट्रेन में सवार होने के कुछ ही देर बाद उन्हें पता चला कि उनके ट्रॉली बैग को किसी धारदार हथियार से काट दिया गया है और उसमें रखा जेवरों से भरा बैग गायब है।
पीड़ितों ने तुरंत अपने कटनी निवासी जीजा सत्येंद्र विश्वकर्मा को सूचना दी। इसके बाद सत्येंद्र विश्वकर्मा कटनी जीआरपी थाने शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया गया कि मुख्य फरियादी ट्रेन में यात्रा कर रहा है, इसलिए रिपोर्ट सागर जीआरपी थाने में दर्ज होगी।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए सामान में करीब डेढ़ तोले का सोने का हार, एक तोले की सोने की झुमकी का सेट, लगभग 400 ग्राम की चांदी की करधनी और 12 जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं।
मामले में कटनी जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी का कहना है कि मुख्य फरियादी की मौजूदगी के बिना रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकती थी। सागर जीआरपी में जीरो पर मामला दर्ज होने के बाद केस कटनी स्थानांतरित किया जाएगा। फिलहाल सूचना के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और मुड़वारा रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
एक के बाद एक हो रही चोरी की घटनाओं ने कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस उठाईगिरों पर कब तक शिकंजा कस पाती है।
इस तरह की लगातार सामने आ रही वारदात से अब लगने लगा है की मुड़वारा रेलवे स्टेशन में जीआरपी आरपीएफ पुलिस चौकी होना अनिवार्य है। अब देखना यह होगा क्या यात्रियों की सुविधा हेतु जल्द यह मांग पूरी की जाएगी।









