
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में पदस्थ प्रयोगशाला परिचारक सतीश शुक्ला के सेवानिवृत्त होने पर महाविद्यालय परिवार द्वारा गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। 30 जून 2026 को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए श्री शुक्ला को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।
बहरहाल श्री शुक्ला ने अपनी शासकीय सेवा की शुरुआत 14 जून 1988 को शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय, रायपुर में प्रयोगशाला परिचारक के रूप में की थी। इसके बाद 10 जुलाई 1990 को उनका स्थानांतरण शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में हुआ, जहां उन्होंने चार दशकों से अधिक समय तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान सतीश शुक्ला ने महाविद्यालय की प्रयोगशालाओं के सुचारु संचालन, विद्यार्थियों के सहयोग तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विश्वविद्यालय संबंधी जटिल कार्यों को त्वरित एवं कुशलतापूर्वक संपादित करने की उनकी कार्यशैली ने उन्हें महाविद्यालय परिवार में विशेष पहचान दिलाई। उनका सौम्य व्यवहार और सहयोगात्मक दृष्टिकोण सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि सतीश शुक्ला ने हर परिस्थिति में संस्थान के हितों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का उत्कृष्ट निर्वहन किया। उनका अनुभव, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण महाविद्यालय की अमूल्य धरोहर है। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने श्री शुक्ला के गौरवपूर्ण सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध जीवन की कामना की। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव और मार्गदर्शन समाज एवं परिवार के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजयकांत भारद्वाज ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. विमला मिंज द्वारा किया गया। समारोह में श्री शुक्ला के परिजन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं समस्त कार्यालयीन स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने श्री शुक्ला के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।







