
कटनी। जूनियर अधिवक्ता संघ कटनी के स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक भव्य सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, विधि विशेषज्ञों एवं न्याय क्षेत्र से जुड़े लोगों ने सहभागिता की। आयोजन के दौरान युवा अधिवक्ताओं के हित, न्याय व्यवस्था में उनकी भूमिका और संगठन की मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश दीक्षित शामिल हुए। जूनियर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संदीप नायक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा अधिवक्ताओं को न्याय व्यवस्था की गरिमा बनाए रखते हुए निरंतर अध्ययन, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी केवल अपने मुवक्किल तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और न्याय व्यवस्था के प्रति भी उनकी अहम भूमिका होती है।
विचार गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने जूनियर वकीलों को पेशे में आने वाली चुनौतियों, न्यायालयीन कार्यप्रणाली, वरिष्ठों के मार्गदर्शन और संगठन को अधिक प्रभावी बनाने जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि नए अधिवक्ताओं को अनुभव और व्यवहारिक ज्ञान के माध्यम से स्वयं को मजबूत बनाना चाहिए, ताकि वे न्याय व्यवस्था में प्रभावी योगदान दे सकें।
इस अवसर पर जूनियर अधिवक्ता संघ कटनी की नई समिति का गठन भी किया गया। नई कार्यकारिणी में अधिवक्ता यश खरे को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवगठित समिति ने संकल्प लिया कि जूनियर अधिवक्ताओं के अधिकारों, समस्याओं और हितों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर सक्रिय भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।






