
कटनी। कटनी पहुंचे प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री राव उदयप्रताप सिंह और भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी राहुल कोठारी ने जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर संगठनात्मक मजबूती, जनसेवा और आगामी प्रशिक्षण वर्ग को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित मासिक जिला बैठक में दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन हित को सर्वोपरि रखते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मीडिया से चर्चा करते हुए नेताओं ने 16 और 17 मई 2026 को आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्ग की जानकारी साझा करते हुए कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और अनुशासन से ही बढ़ती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण वर्ग में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
प्रभारी मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि समाज सेवा ही भाजपा कार्यकर्ताओं का मूल उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है और हर कार्यकर्ता को इसमें सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान मंत्री ने प्रदेश में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 19 मार्च से 30 जून 2026 तक राज्यव्यापी स्तर पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत नदियों, तालाबों, कुओं और बावड़ियों की सफाई, गाद निकासी, सौंदर्यीकरण और पौधारोपण जैसे कार्य किए जा रहे हैं, ताकि जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके। जिले के जर्जर स्कूल भवनों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है और किसी भी बच्चे को जर्जर भवन में बैठकर पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी। विभाग लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है।
वहीं भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी राहुल कोठारी ने कहा कि भाजपा ही ऐसा राजनीतिक संगठन है जो सामाजिक दायित्वों के प्रति पूरी गंभीरता और सजगता से कार्य करता है। उन्होंने कहा कि मासिक जिला बैठकों के माध्यम से संगठन अपने कार्यों की समीक्षा करता है, जबकि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को समाज और संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी द्वारा दिए गए प्रत्येक दायित्व का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। राहुल कोठारी ने कहा कि संगठन कार्यकर्ताओं के त्याग, मेहनत और समर्पण का हमेशा सम्मान करता है। उन्होंने बताया कि भाजपा लगातार ऐसे नवाचार कर रही है, जिससे आम जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो सके और लोगों की समस्याएं आसानी से जनप्रतिनिधियों तक पहुंच सकें इस दौरान उन्होंने हाल ही में तीन राज्यों में पार्टी की जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई भी दी।










