
कटनी में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शनिवार को शहर का व्यापक निरीक्षण कर जल निकासी, नालों की सफाई और पेयजल व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने साफ कहा कि सभी आवश्यक कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। शहर के प्रमुख नालों—बिलहरी रोड, कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के सामने तथा बरगवां क्षेत्र के नालों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
निगमायुक्त ने स्वच्छता अमले को निर्देशित किया कि वर्षा से पहले सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई युद्ध स्तर पर पूरी की जाए। साथ ही, जल प्रवाह में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों को तुरंत हटाने और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए पिछले साल जलभराव से प्रभावित झिंझरी स्थित संतोषी माता मंदिर और बरगवां के शर्मा गुड्स ट्रांसपोर्ट क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्थायी समाधान पर जोर दिया। स्थानीय लोगों से चर्चा कर जल निकासी के लिए पाइपलाइन निर्माण और इंजीनियरिंग समाधान जल्द लागू करने के निर्देश दिए।
कटाएघाट में निगमायुक्त ने ट्रेश क्लीनर मशीन से चल रही नदी सफाई का जायजा लिया। नदी से निकाले जा रहे जलीय घास और कचरे के त्वरित उठाव के निर्देश भी दिए गए बरगी दायीं तट मुख्य नहर परियोजना के तहत घिनौची क्षेत्र में प्रस्तावित पेयजल आपूर्ति स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कटनी वासियों को नर्मदा जल के रूप में स्थायी और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
निगमायुक्त ने घिनौची नाले के पक्कीकरण, पाइपलाइन बिछाने और ड्राइंग-डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही NVDA के साथ समन्वय कर टनल निर्माण और जल आपूर्ति व्यवस्था को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।






