
कटनी। 22 अप्रैल 2026 बुधवार को पृथ्वी दिवस के अवसर पर “हमारी शक्ति, हमारा गृह” थीम के तहत जिला अस्पताल परिसर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 18 इंडोर पौधों का रोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा एवं आईएमए अध्यक्ष डॉ. सुनीता वर्मा ने किया इस दौरान आईएमए सचिव डॉ. प्रसंग बजाज ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह प्रकृति संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों में हरियाली का विशेष महत्व होता है, क्योंकि पौधे न केवल वातावरण को शुद्ध करते हैं बल्कि मरीजों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव डालते हैं।
इस अवसर पर आईएमए के सदस्य डॉ. उमा निगम, डॉ. हरीश बजाज, डॉ. एल.एन. खंडेलवाल सहित चिकित्सालय के कई वरिष्ठ डॉक्टर मौजूद रहे। साथ ही नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और कार्यालयीन कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान गेंदा, मनी प्लांट, कोपल हार्ट, ड्रिसीनिया, सिंगोनिया, स्नेक प्लांट, फाइकस और फिटोनिया जैसे विभिन्न प्रकार के इंडोर पौधों का रोपण किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार ये पौधे वायु को शुद्ध करने, ऑक्सीजन स्तर को संतुलित बनाए रखने और वातावरण को स्वास्थ्यवर्धक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। साथ ही भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
पृथ्वी दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल एक औपचारिक आयोजन रहा, बल्कि समाज को यह मजबूत संदेश देने में सफल रहा कि “स्वस्थ पृथ्वी ही स्वस्थ जीवन का आधार है” और छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े बदलाव संभव हैं।










