यूट्यूब और कड़ी मेहनत से संवारी तकदीर: सलेहा गंज के नवीन कुमार त्रिपाठी बने भारत सरकार में सांख्यिकी अधिकारी

पन्ना। प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती, इसे सच कर दिखाया है जिले के सलेहा गंज ग्राम के होनहार युवा नवीन कुमार त्रिपाठी ने, नवीन ने सीमित संसाधनों के बीच अपनी मेहनत और आधुनिक तकनीक (यूट्यूब) का सही तालमेल बिठाकर भारत सरकार के जूनियर सांख्यिकी अधिकारी (JSO) के प्रतिष्ठित पद पर चयनित होकर पूरे पन्ना जिले का नाम रोशन किया है।

नवीन कुमार त्रिपाठी, पिता विद्याकान्त त्रिपाठी और माता श्रीमती विनीता त्रिपाठी के सुपुत्र हैं। एक ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े नवीन ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य ऊंचा हो और इरादे नेक, तो राह की बाधाएं खुद-ब-खुद दूर हो जाती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता और ग्रामवासियों में हर्ष की लहर है।

नवीन की सफलता की नींव स्थानीय स्तर पर ही रखी गई थी उन्होंने अपनी प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा पंडित शिव गोविन्द गर्ग उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से प्राप्त की शिक्षकों के मार्गदर्शन और स्वयं के अनुशासन ने उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की कठिन डगर के लिए तैयार किया।

आज के डिजिटल युग में जहाँ सोशल मीडिया को समय की बर्बादी माना जाता है, वहीं नवीन ने इसे अपनी ढाल बनाया एवं उन्होंने संसाधनों की कमी को आड़े नहीं आने दिया और अपनी तैयारी के लिए यूट्यूब का सहारा लिया कठिन विषयों को समझने और सांख्यिकी जैसे तकनीकी विषय पर पकड़ बनाने के लिए उन्होंने डिजिटल माध्यमों का बखूबी उपयोग किया।

नवीन कुमार त्रिपाठी का चयन भारत सरकार के मंत्रालय में होना केवल उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे पन्ना जिले के युवाओं के लिए एक प्रेरणा है।

उनकी यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि छोटे शहरों और गांवों के युवा भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता के झंडे गाड़ सकते हैं। उनके पिता विद्याकान्त त्रिपाठी का कहना है कि “मेरे बेटे की इस सफलता ने समाज को एक नई दिशा दी है। हम चाहते हैं कि जिले के अन्य युवा भी इसी तरह मेहनत करें और ऊंचाइयों को छुएं।” क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और शिक्षाविदों ने नवीन को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING