
कटनी। निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर नगर निगम की हेल्पडेस्क सेवाएं रविवार के अवकाश दिवस पर भी पूर्ण सक्रियता के साथ संचालित रहीं। निगम प्रशासन की यह सतत पहल नागरिकों के लिए अत्यधिक राहतदायक सिद्ध हुई।
नगर निगम कार्यालय एवं जोन कार्यालयों में स्थापित हेल्पडेस्क पर तैनात कर्मियों ने उत्कृष्ट समर्पण और कार्यकुशलता का परिचय देते हुए एसआईआर गणना प्रपत्र भरवाने में मतदाताओं को संपूर्ण सहयोग प्रदान किया। कर्मचारियों ने प्रत्येक नागरिक का मार्गदर्शन कर उनके प्रपत्रों को शुद्ध, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित रूप से भरवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
निगम प्रशासन का यह प्रयास मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रहा है।








