
कटनी। सरस्वती शिशु मंदिर, गायत्री नगर में बालदिवस के उपलक्ष्य में विविध रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सरी से लेकर उच्च कक्षाओं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
छोटी कक्षाओं के बच्चों ने कुर्सी दौड़, बोतल में पानी भरना, उल्टी दिशा दौड़, स्पीड गेम, बैलून फोड़ना, बैलेंसिंग गेम जैसे रोचक खेलों में मन लगाकर भाग लिया। वहीं बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने डांस, गीत और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरस्वती शिक्षा परिषद महाकौशल प्रांत, कटनी जिला सचिव मधुसूदन बगड़िया ने मंच से बच्चों का उत्साहवर्धन किया एवं सभी को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के व्यवस्थापक अशोक भगेरिया ने कहा कि विद्यालय का मुख्य लक्ष्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास है, जो बौद्धिक और शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से ही संभव होता है।
प्रधानाचार्य रमाकांत दुबे ने बताया कि अंग्रेजी माध्यम से संचालित यह विद्यालय बच्चों की अन्दर छिपी प्रतिभाओं को निखारने हेतु अंग्रेजी शिक्षा के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करता है, ताकि विद्यार्थी राष्ट्र का गौरव बन सकें।
इस अवसर पर आचार्य—रश्मि दुबे, रमा चौबे, हेमलता रैकवार, हितिका यादव और सुनीता विश्वकर्मा की उपस्थित रहीं।






