
कटनी। दद्दा धाम परिसर में आज रविवार सुबह 8 बजे से दद्दा जी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के वातावरण में हुआ। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और पुष्प मालाओं से सजाया गया, वहीं श्रद्धालुओं और शिष्य मंडल के सदस्यों ने पूरे जोश के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
महोत्सव की शुरुआत पार्थिव शिवलिंग निर्माण से हुई, जिसके पश्चात दोपहर 12 बजे महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने रुद्राभिषेक में सहभागिता कर “हर हर महादेव” के जयघोष से परिसर को गुंजायमान कर दिया रुद्राभिषेक के उपरांत आयोजित महाभंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
भक्ति रस से ओतप्रोत वातावरण में प्रसिद्ध भजन गायिका संजो बघेल ने अपनी मधुर आवाज़ में भक्ति गीतों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा दद्दा धाम परिसर भक्तिमय आलोक से भर उठा।
समिति सदस्यों ने बताया कि आगामी पांच दिनों तक प्रतिदिन विविध धार्मिक अनुष्ठान, कथा, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव का समापन विधिवत दद्दा जी के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के साथ होगा।
“भक्ति, श्रद्धा और संस्कारों से रचा जा रहा है दद्दा धाम का यह पावन अध्याय… कटनी में गूंज रहा है।






