
शिवपुरी। महिलाओं की ममता को निशाना बनाकर ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय ठगों को बैराड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये आरोपी “संतान प्राप्ति का वरदान” देने का झांसा देकर महिलाओं से सोने के आभूषण ठगते थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 1.10 लाख रुपये कीमत के सोने के बाले, बाबा के वेश में इस्तेमाल धोती, और स्लेटी रंग की बलेनो कार (HR-93 B-3229) जब्त की है।
थाना प्रभारी रविशंकर कौशल के बताए अनुसार कि फरियादी महिला कल्लो यादव ने शिकायत दी थी कि दो व्यक्ति बाबा के वेश में आकर संतान प्राप्ति का उपाय करने के बहाने उसके कानों के बाले उतरवाकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपियों बलराम नाथ (24), निवासी मथुरा (उ.प्र.) और सोनू नाथ (27), निवासी पलवल (हरियाणा) को पटेवरी रोड से गिरफ्तार किया।
अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।






