दर्दनाक हादसा: कुएं में उतरे किसान की जहरीली गैस से मौत, गांव में पसरा मातम 

 

न्यूज.वॉइस.ऑफ़.इंडिया

कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र के इटौरा गांव में रविवार दोपहर एक हृदय विदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। खेत में कुएं की मोटर पंप खराब होने पर उसे सुधारने उतरे किसान की गैस रिसाव से दम घुटने के कारण मौत हो गई। हादसे की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

मिली जानकारी के मुताबिक इटौरा गांव निवासी राकेश सिंह पिता हनुमान सिंह, उम्र लगभग 40 वर्ष, रविवार दोपहर करीब 12 बजे खेत पर स्थित अपने कुएं की मोटर पंप खराब होने पर उसे सुधारने कुएं के अंदर उतरे परिजनों के मुताबिक जैसे ही राकेश सिंह कुएं में घुसे, अचानक तेज गैस का रिसाव शुरू हो गया। जहरीली गैस की चपेट में आते ही राकेश सिंह वहीं अचेत होकर गिर पड़े।

राजमणि पटेल बीएमओ बरही

परिजन राकेश सिंह को आनन-फानन में बाहर निकालकर बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के साथ ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी

      शैलेंद्र सिंह यादव बरही टी.आई

बरही थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर पंचनामा और मर्ग कायम कर लिया गया है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही कुएं के पास जाने पर फिलहाल प्रतिबंध लगाया गया है ताकि कोई और हादसा न हो।

चेतावनी का संदेश
यह हादसा एक चेतावनी भी है—गहरे या बंद स्थानों में बिना सुरक्षा के उतरना जानलेवा हो सकता है। जहरीली गैसों की मौजूदगी का अंदाजा लगाना कठिन होता है, ऐसे में जरूरी सुरक्षा उपायों के बिना कोई भी कदम भारी पड़ सकता है।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING