
कटनी। जिले में 31 ट्रकों के जरिए हरदा, इंदौर और नीमच भेजे गए 10,797.18 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल के गबन मामले में प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी ट्रांसपोर्टर किशन केशरवानी को गिरफ्तार कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है। वहीं, शुक्रवार को रंगनाथ नगर थाना पुलिस की टीम नागरिक आपूर्ति निगम (नान) कार्यालय पहुंची और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों व जानकारियों की पड़ताल की।
नान कार्यालय पहुंची पुलिस, दस्तावेजों की जांच
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने नान कार्यालय पहुंचकर चावल परिवहन और पूरे मामले से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। अधिकारियों से आवश्यक जानकारी जुटाई गई। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद विभाग में हलचल तेज हो गई है। जांच में दस्तावेजों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस पर गिरी गाज, झुकेही रैक प्वाइंट से प्रतिबंधित
चावल परिवहन में शामिल भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। नागरिक आपूर्ति निगम ने फर्म को झुकेही रैक प्वाइंट पर लोडिंग और अनलोडिंग के कार्य से पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। खाद्यान्न परिवहन व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए दूसरे ट्रांसपोर्टर को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन अब भी फरार
पुलिस ने कुठला थाना क्षेत्र के पन्ना मोड़ से पार्टनर किशन केशरवानी को गिरफ्तार किया है। उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, मामले में नामजद तीन अन्य आरोपी दीपक जैन, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
इस पूरे मामले की जांच का असर आगामी खरीफ धान उपार्जन की तैयारियों पर भी दिखाई देने लगा है। 1 दिसंबर से प्रस्तावित धान खरीदी के लिए 18 नवंबर को हुई बैठक में 89 खरीदी केंद्र प्रस्तावित किए गए थे, लेकिन जांच और प्रशासनिक व्यस्तता के चलते केंद्रों की अंतिम सूची जारी नहीं हो सकी है। अब शनिवार को सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल, 10 हजार क्विंटल से अधिक फोर्टिफाइड चावल के गबन का यह मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की जांच का दायरा बढ़ने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर सबकी नजरें टिकी हैं।





