
कटनी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के प्रमुख वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन एवं कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में संचालित विभिन्न गतिविधियों के साथ यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुड़वारा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर प्रमुख वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने सबसे पहले टीटीई रेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेस्ट हाउस में साफ-सफाई, रखरखाव और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच की। इसके बाद उन्होंने मुड़वारा बुकिंग ऑफिस एवं आरआरआई पैनल का सघन निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने और व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
इस निरीक्षण के दौरान एसीएम रायपुर, सीसीआई शैलेश कुमार, नावेद सिद्दीकी, स्टेशन प्रबंधक रामेश्वर मीणा, स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य के.के. दुबे, हृदयेश शुक्ला, सीटीआई हाशिम खान, धीरेन्द्र दहिया, सीबीपीएस घनश्याम, संजय चौधरी, एसएसई प्रदीप चौरसिया एवं एसएसई जयदीप सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








