
कटनी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कटनी यातायात पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने नियमों को ताक पर रखकर लोडिंग वाहन में सवारियां ढोने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को मिशन चौक से अहिंसा तिराहा की ओर जा रहे लोडिंग वाहन क्रमांक MP 21 G 2683 को यातायात पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोका। जब वाहन की जांच की गई तो पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। माल और सामान ढोने के लिए निर्धारित इस वाहन में महिला, पुरुष और बच्चों समेत कुल 25 लोग सवार थे।
लोडिंग वाहन में इतनी बड़ी संख्या में लोगों को बैठाकर ले जाना यात्रियों की जान के साथ गंभीर खिलवाड़ माना गया। इस अनियमितता पर यातायात पुलिस ने तत्काल वाहन जब्त कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की। वाहन चालक को प्रकरण सहित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उप निरीक्षक शशि भूषण दुबे, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह, अनूप सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह, आरक्षक राजकुमार झारिया एवं सुनील अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि लोडिंग वाहनों में सवारियां न बैठाएं। यात्रा के लिए केवल यात्री परिवहन हेतु निर्धारित वाहनों का ही उपयोग करें। वाहन मालिक और चालक अधिक कमाई या किराया बचाने के चक्कर में यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ न करें।






