
कटनी, जबलपुर। छठ पर्व के बाद ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए एक विशेष ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत गाड़ी संख्या 05593 रक्सौल–लोकमान्य तिलक टर्मिनस वन-वे पूजा स्पेशल ट्रेन का एक फेरा चलाया जाएगा। इस ट्रेन के संचालन से बिहार से मुंबई जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। खास बात यह है कि यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेल के सतना, कटनी, जबलपुर और इटारसी स्टेशनों पर भी ठहराव लेकर गंतव्य तक पहुंचेगी।
रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, यह स्पेशल ट्रेन 18 नवंबर 2026, बुधवार को रक्सौल स्टेशन से शाम 7 बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी। अगले दिन 19 नवंबर को यह पश्चिम मध्य रेल के प्रमुख स्टेशनों पर पहुंचेगी और निर्धारित ठहराव के बाद आगे के लिए रवाना होगी। ट्रेन 20 नवंबर को सुबह 5 बजकर 30 मिनट पर लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
कटनी और जबलपुर में यह रहेगा ट्रेन का समय
19 नवंबर को ट्रेन सतना स्टेशन पर सुबह 11:10 बजे पहुंचेगी और 11:15 बजे रवाना होगी। इसके बाद कटनी स्टेशन पर दोपहर 12:35 बजे आगमन और 12:40 बजे प्रस्थान होगा। जबलपुर स्टेशन पर दोपहर 2:05 बजे पहुंचकर 2:15 बजे रवाना होगी। वहीं इटारसी स्टेशन पर शाम 5:40 बजे आगमन और 5:50 बजे प्रस्थान का समय निर्धारित किया गया है।
यह ट्रेन रक्सौल से रवाना होकर बैरगनिया, सीतामढ़ी, रुन्नीसैदपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड और कल्याण स्टेशन पर रुकेगी।
18 कोच के साथ संचालित होगी स्पेशल ट्रेन
इस विशेष ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें 12 द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान, 4 सामान्य श्रेणी के कोच, एक एसएलआरडी और एक जनरेटर कार शामिल है।






