“दयोदय एक्सप्रेस में विवाद से सहमी मासूम, दूसरे कोच में पहुंची बच्ची! रेलवे की तत्परता से परिजनों से हुआ मिलन”

कटनी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब दयोदय एक्सप्रेस ट्रेन में एक छोटी बच्ची के अपने परिजनों से बिछड़ने की सूचना रेलवे कंट्रोल रूम तक पहुंची। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और अन्य कर्मचारी तत्काल सक्रिय हो गए। रेलवे की त्वरित कार्रवाई के चलते आखिरकार मासूम बच्ची को उसके परिजनों से सुरक्षित मिलवा दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दयोदय एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहे कुछ यात्रियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इस दौरान अजमेर की ओर से यात्रा कर रहे एक परिवार की छोटी बच्ची विवाद देखकर बुरी तरह सहम गई और डर के कारण दूसरे कोच में पहुंच गई। इधर विवाद से घबराए बच्ची के परिजन जल्दबाजी में दमोह स्टेशन पर ट्रेन से उतर गए, लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनकी बच्ची दूसरे कोच में चली गई है।

इसी बीच शाहनगर की एक महिला यात्री की नजर अकेली बच्ची पर पड़ी। उन्होंने बच्ची को अपने पास सुरक्षित रखते हुए रेलवे कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। बच्ची के अकेले होने की जानकारी मिलते ही जबलपुर मंडल के डीआरएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कंट्रोल रूम से संदेश मिलते ही कटनी मुड़वारा स्टेशन पर रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ में सक्रियता बढ़ गई। तत्काल दमोह आरपीएफ से संपर्क किया गया और बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की गई। रेलवे कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से परिजनों का पता लगाया गया और बच्ची को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।

रेलवे की इस त्वरित कार्रवाई और महिला यात्री की सजगता से एक मासूम बच्ची अपने परिवार से दोबारा मिल सकी। रेलवे अधिकारियों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING