कटनी रेलवे में CBI का बड़ा एक्शन, 45 हजार की रिश्वत लेते सीनियर सेक्शन इंजीनियर गिरफ्तार!

 

कटनी। कटनी के रेलवे इलेक्ट्रिकल विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। जबलपुर की CBI-ACB टीम ने रेलवे में पदस्थ सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए कथित तौर पर रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को विशेष CBI अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

दरअसल, शिकायतकर्ता तेजराम कुशवाहा ने CBI जबलपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि रेलवे से जुड़े कार्य और बिल भुगतान की प्रक्रिया के एवज में सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत के बाद CBI टीम ने मामले का गोपनीय सत्यापन किया। आरोपों की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। इसके तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी इंजीनियर को 45 हजार रुपये दिए, पहले से तैयार CBI टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद CBI ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की और शुक्रवार को विशेष CBI अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

CBI की इस कार्रवाई के बाद कटनी रेलवे के इलेक्ट्रिकल विभाग में हलचल मची हुई है। अब देखना होगा कि जांच में इस मामले से जुड़े और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING