
सतना। पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक अभय कुमार गुप्ता ने सतना एवं मैहर रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा, सुचारु आवागमन तथा बेहतर यात्री अनुभव सुनिश्चित करने वहां मौजूद विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।अपने निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया ताकि यात्रियों की आवाजाही सुव्यवस्थित बनी रहे एवं शारदेय नवरात्र की भीड़ के कारण किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में उपलब्ध खानपान सुविधाओं का निरीक्षण कर यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया अभय गुप्ता द्वारा स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए की जा रही गतिविधियों का जायजा लिया। इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा के दृष्टिगत स्टेशन परिसर में की गई व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने कहा जबलपुर रेल मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने, स्टेशन परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने तथा सुरक्षा एवं संरक्षा के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार के निरीक्षणों के माध्यम से यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उन्हें और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।






