
बरही। नगर में यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं विजयराघवगढ़ मैहर मार्ग के एक चिन्हित डेंजर जोन टर्निंग पॉइंट पर पिछले करीब एक सप्ताह से प्रतिदिन खुलेआम फल का ठेला लगाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इसकी जानकारी नगर प्रशासन और पुलिस प्रशासन तक पहुंचने के बावजूद अब तक ठेला हटाने को लेकर कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर के सत्ता पक्ष से जुड़े कुछ प्रभावशाली नेता अपने वोट बैंक के स्वार्थ में फल एवं सब्जी ठेला व्यवसायियों को संरक्षण दे रहे हैं। यही वजह है कि यातायात के लिहाज से संवेदनशील स्थान पर भी ठेला संचालित होने से रोकने में प्रशासन कथित तौर पर असहाय दिखाई दे रहा है। हालांकि संरक्षण के इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
एक सप्ताह से चर्चा, फिर भी कार्रवाई क्यों नहीं?
बताया जा रहा है कि उक्त ठेला पिछले करीब एक सप्ताह से नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस दौरान इसी स्थान के आसपास दो बड़ी घटनाएं होते-होते बचीं। इसके बावजूद यदि जिम्मेदार विभागों द्वारा समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती, तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर प्रशासन किसी गंभीर हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है?
डेंजर जोन में सड़क किनारे ठेला लगने से वाहन चालकों को मोड़ पर पर्याप्त दृश्यता नहीं मिलती और यातायात भी प्रभावित होता है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही वाले मार्ग पर यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
सूचना के बाद भी जिम्मेदारों की चुप्पी पर सवाल
स्थानीय स्तर पर बरही सीएमओ और पुलिस प्रशासन को मामले की जानकारी दिए जाने की बात सामने आ रही है। इसके बावजूद ठेला लगातार उसी स्थान पर लगना कई सवाल खड़े करता है। क्या प्रशासनिक अमले पर किसी राजनीतिक दबाव का असर है? क्या किसी प्रभावशाली व्यक्ति के संरक्षण के कारण कार्रवाई नहीं हो रही? या फिर जिम्मेदार अधिकारी किसी हादसे के बाद जागेंगे?
हादसा हुआ तो जिम्मेदारी किसकी?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि इसी डेंजर जोन में ठेले के कारण यातायात बाधित होने से कोई गंभीर दुर्घटना होती है और किसी निर्दोष की जान चली जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा क्या वोट बैंक की राजनीति आम जनता की सुरक्षा से बड़ी हो गई है?
नगरवासियों की मांग है कि प्रशासन किसी व्यक्ति विशेष के प्रभाव में आए बिना डेंजर जोन और टर्निंग पॉइंट पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले सभी ठेलों के संबंध में समान रूप से कार्रवाई करे, ताकि किसी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।






