
कटनी में जल निकासी और सुगम आवागमन से जुड़ी नागरिकों की समस्याओं को लेकर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। महापौर ने रामकृष्ण परमहंस वार्ड, निर्मल धाम और मंगल नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया और नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने महापौर को जल निकासी, मार्गों पर आवागमन और अन्य स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने अधिकारियों को समस्याओं के जल्द निराकरण के साथ तत्काल वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े और क्षेत्र में व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।
उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर प्राथमिकता से आवश्यक कार्रवाई करने और संबंधित क्षेत्रों की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
महापौर के निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती शकुंतला सोनी सहित संबंधित उपयंत्री और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अब देखना होगा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के बाद स्थानीय समस्याओं के समाधान की कार्रवाई कितनी तेजी से होती है।






