
बरही/कटनी। कटनी-सिंगरौली रेलखंड पर पिपरिया कला रेलवे फाटक के समीप सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर करीब 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान रामजी भूमिया, पिता नरेश भूमिया, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी सुतरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामजी पुणे में काम करता था और ट्रेन से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पिपरिया कला रेलवे फाटक के पास उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है।
घटना को रहस्यमय बना रही हैं मौके पर मिली चीजें।
पुलिस को घटनास्थल पर मृतक का मोबाइल फोन, घड़ी और बैग सुरक्षित अवस्था में मिला है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई?
क्या युवक ट्रेन की चपेट में आया या फिर मौत के पीछे कोई दूसरी वजह है—इसका जवाब फिलहाल जांच के बाद ही सामने आएगा।
बरही पुलिस और रेलवे पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।






