
कटनी मुड़वारा। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में नवागत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने पदभार ग्रहण करने के बाद कटनी मुड़वारा स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, वाणिज्यिक व्यवस्थाओं और सेवा गुणवत्ता का जायजा लिया निरीक्षण के दौरान श्री गुप्ता ने स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म और यात्री सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर की गई फेंसिंग की उपयोगिता एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्टेशन पर स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय, प्रकाश व्यवस्था और यात्री सूचना प्रणाली का भी निरीक्षण किया। टिकट बुकिंग काउंटरों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए टिकट वितरण, नकद लेन-देन, अभिलेखों के संधारण और निर्धारित वाणिज्यिक प्रक्रियाओं के पालन की जानकारी ली।
तत्काल टिकटों के निर्गमन की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने पूरी पारदर्शिता बनाए रखने और रेलवे बोर्ड के निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने स्टेशन पर संचालित खान-पान स्टॉलों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और यात्रियों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की। संबंधित कर्मचारियों को स्वच्छता मानकों का पालन करने और यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें सजगता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और संतुष्टि भारतीय रेल की प्राथमिकताओं में शामिल है।
जीनिरीक्षण के अंत में उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।






