
कटनी। कटनी रेलवे स्टेशन के खिरहनी फाटक आउटर क्षेत्र में ट्रेनों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला महाकौशल एक्सप्रेस का है, जहां AC कोच में सफर कर रहे एक यात्री का बैग अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने जीआरपी थाना कटनी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, फरियादी गणेश प्रसाद बेन निवासी ग्राम खरखरी नंबर-2, थाना कुठला, जिला कटनी, 17 जुलाई 2026 को झांसी से जबलपुर की यात्रा महाकौशल एक्सप्रेस के एम/1 कोच की सीट नंबर 79 पर कर रहे थे। शिकायत में बताया गया है कि ट्रेन कटनी स्टेशन से करीब 2 किलोमीटर पहले आउटर पर खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात चोर उनके पास रखा काले रंग का लैपटॉप बैग चोरी कर ले गया।
पीड़ित के अनुसार बैग में करीब 40 हजार रुपये कीमत का डेल कंपनी का लैपटॉप, लगभग 50 हजार रुपये का iPhone 16, एक वनप्लस स्मार्टफोन, लैपटॉप चार्जर, पेन ड्राइव और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। बैग में News 24×7 इंडिया और श्रमजीवी पत्रकार तथा कंपनी का पहचान पत्र भी मौजूद था। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 95 हजार रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद जीआरपी थाना कटनी में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात चोर की तलाश की जा रही है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर कटनी खिरहनी फाटक आउटर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि इस क्षेत्र में चोरी और जेबकतरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद चोरों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। यात्रियों ने GRP और RPF से आउटर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।








