
कटनी में नगर निगम के फायर अमले की तत्परता और सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। थाना एनकेजे क्षेत्र के परोहा मार्केट स्थित एक मकान में देर रात भीषण आग लग गई, लेकिन फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। जानकारी के अनुसार, 6 जून की सुबह लगभग 3 बजकर 25 मिनट पर परोहा मार्केट स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना नगर निगम फायर कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही दुर्गा चौक जोन और सिविल लाइन जोन से दो फायर ब्रिगेड वाहन तत्काल मौके के लिए रवाना किए गए। घटनास्थल पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दोनों फायर यूनिटों ने समन्वित प्रयास करते हुए आग को तेजी से नियंत्रित किया, जिससे आग आसपास के मकानों और दुकानों तक फैलने से रोक ली गई।
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था। नगर निगम के फायर अमले की पेशेवर दक्षता, त्वरित निर्णय क्षमता और सतर्कता के कारण संभावित जन-धन हानि को टाल दिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने भी फायर कर्मियों की सराहना करते हुए राहत की सांस ली सहायक फायर प्रभारी शैलेंद्र दुबे ने बताया कि सूचना मिलते ही दोनों जोनों की फायर टीमों को रवाना किया गया और संयुक्त प्रयासों से आग पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया गया।
नगर निगम प्रशासन ने फायर अमले की तत्परता और साहसिक कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर विभाग 24 घंटे मुस्तैद रहता है।








