
कटनी जिले में अवैध खनिज और रेत उत्खनन के खिलाफ जिला प्रशासन का सख्त अभियान लगातार जारी है। प्रशासन ने एक बार फिर रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ढीमरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम दशरमन स्थित दतला नदी के घाटों पर बनाए गए अवैध रैंप और रास्तों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर सिलौड़ी के नायब तहसीलदार खगेश भलावी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दतला नदी के तटीय क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन के लिए तैयार किए गए रैंप को कटवाया और गहरे गड्ढे खुदवाकर मार्गों को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया, ताकि भविष्य में अवैध उत्खनन और परिवहन की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई सुनारखेड़ा घाट, डबरी घाट, बम्होरी दतला घाट और शंकर घाट बम्होरी क्षेत्र में की गई। जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध मार्गों और रैंपों को नष्ट कर रेत माफियाओं को स्पष्ट संदेश दिया गया कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन का कहना है कि रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






