हनुमान तलैया में जुआ फड़ पर पुलिस की रेड, 5 आरोपी धराए

कटनी। जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कटनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम इमलिया स्थित हनुमान जी की तलैया में दबिश देकर जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से नगदी और ताश के पत्ते भी बरामद किए गए हैं।
दरअसल, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को जुआ-सट्टा पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डहेरिया और एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
थाना प्रभारी सुदेश कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम इमलिया में हनुमान जी की तलैया के पास कुछ लोग रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस कार्रवाई के दौरान पांच जुआरियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से फड़ पर रखे 8 हजार 250 रुपए नगद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश कुमार, उप निरीक्षक जुबेर अली, प्रधान आरक्षक प्रेम पटेल, आरक्षक सौरभ पटेल, अभिषेक राजावत और विशाल शिवहरे की सराहनीय भूमिका रही।
कटनी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जुआ-सट्टा जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING