“रेल सुरक्षा पर बड़ा एक्शन: GRP-RPF के साथ पुलिस की संयुक्त बैठक, अपराधियों पर कसने की तैयारी”

न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया 

कटनी | रेल यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए कटनी पुलिस अब पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में आज पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) और आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) के अधिकारियों के साथ एक अहम संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने साफ तौर पर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रेलवे स्टेशनों, आउटर क्षेत्रों, शैडो एरिया और रेल लाइनों के पास स्थित झुग्गी बस्तियों में सक्रिय गिरोहों पर सख्त कार्रवाई के लिए ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए—

किन ट्रेनों और समय में वारदातें ज्यादा हो रही हैं, इसका सटीक डाटा तैयार किया जाएगा।

ट्रेनों में सामान बेचने वाले वेंडरों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी।

चोरी के जेवर और सामान खरीदने वाले गिरोहों की पहचान कर उनके ठिकानों पर कार्रवाई होगी।

रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर मिलने वाली शिकायतों का विश्लेषण कर अपराधियों की गतिविधियों को ट्रैक किया जाएगा।

अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि ट्रेनों में अपराध रोकने के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। जिला पुलिस द्वारा जीआरपी और आरपीएफ को तकनीकी और मैदानी स्तर पर पूरा सहयोग दिया जाएगा।

एरिया मैनेजर रेल रोहित सिंह की मौजूदगी में हुई इस बैठक में यह भी तय किया गया कि सुरक्षा व्यवस्थाओं की हर महीने समीक्षा की जाएगी। साथ ही चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर सघन चेकिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जीआरपी एडिशनल एसपी, डीएसपी जीआरपी विजय गठौरिया, थाना प्रभारी जीआरपी, थाना प्रभारी आरपीएफ वीरेंद्र सिंह, कोतवाली टीआई राखी पांडे, कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा, माधव नगर थाना प्रभारी संजय दुबे, एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत, खिरहनी चौकी प्रभारी किशोर द्विवेदी और निवास चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING