“जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर जाम: एम्बुलेंस फंसी, मरीजों की जान पर बड़ा सवाल” 

कटनी। जिला अस्पताल कटनी के मुख्य गेट पर अव्यवस्थित पार्किंग और ई-रिक्शा-ऑटो की भीड़ के कारण गंभीर जाम की स्थिति लगातार बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि मरीजों को लेकर आने वाली इमरजेंसी एम्बुलेंस को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा।

मुख्य गेट के ठीक सामने ई-रिक्शा और ऑटो खड़े रहते हैं, वहीं गेट के अंदर रास्ते के किनारे फोर व्हीलर वाहनों की पार्किंग ने समस्या को और बढ़ा दिया है। यदि एंट्रेंस पर एक-दो बड़े वाहन भी खड़े हो जाएं तो पूरा रास्ता जाम हो जाता है, जिससे इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो रही हैं।

स्थिति इतनी गंभीर है कि अस्पताल के अपने वाहन भी मुख्य रास्ते पर खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से अव्यवस्थित खड़े वाहन आने-जाने वाले वाहनों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
सबसे चिंता की बात यह है कि इस अव्यवस्था की ओर न तो अस्पताल प्रबंधन का ध्यान है और न ही यातायात विभाग कोई ठोस कार्रवाई करता नजर आ रहा है। अगर इसी दौरान कोई गंभीर मरीज एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचे, तो उसकी जान जोखिम में पड़ सकती है।

अब सवाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब ध्यान देंगे और क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि जिला अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING