
कटनी (24 फरवरी) – वित्तीय वर्ष की समाप्ति को देखते हुए नागरिकों की सुविधा के लिए आयोजित किए जा रहे वसूली शिविरों का मंगलवार को नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने औचक निरीक्षण किया। नगर के बस्ती एवं माधव नगर में आयोजित शिविरों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गठित वसूली दल को कर संग्रहण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस दौरान राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने वसूली दल से संबंधित वार्डों की कुल कर मांग, अब तक हुई वसूली, शेष बकाया और जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली।साथ ही पीओएस मशीन की उपलब्धता और उपयोग की भी समीक्षा की।
निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कम वसूली पाए जाने पर उन्होंने कर्मचारियों को वार्डों के बड़े बकायादारों से डोर-टू-डोर संपर्क कर शीघ्र बकाया वसूली सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने करदाताओं को जागरूक करने और लंबित प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई करने की हिदायत भी दी।
करदाताओं की सुनीं समस्याएं
माधव नगर में नारायण बेकरी के सामने आयोजित शिविर के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने क्षेत्रीय व्यवसायियों से संवाद कर उनकी कर संबंधी समस्याएं सुनीं और नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने व्यवसायियों को दुकानों के बाहर सार्वजनिक मार्ग पर सामग्री रखकर आवागमन बाधित न करने की भी समझाइश दी।
ई-नगरपालिका ऐप डाउनलोड करने किया प्रेरित
शिविर में बकाया कर जमा करने पहुंचे नई बस्ती व रोचलानी चौराहा निवासी रमेश कुमार वाधवानी सहित अन्य करदाताओं से चर्चा करते हुए निगमायुक्त ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ई-नगरपालिका ऐप डाउनलोड कर सरल एवं त्वरित भुगतान करने के लिए प्रेरित किया।
आशीष की तत्काल कराई ई-केवाईसी
माधव नगर उपकार्यालय के निरीक्षण के दौरान बंगाली कॉलोनी निवासी आशीष मंडल ने समग्र ई-केवाईसी को लेकर आ रही परेशानी बताई।
इस पर निगमायुक्त ने तत्काल स्टाफ के माध्यम से समग्र पोर्टल पर उनकी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए समस्या का निराकरण कराया। साथ ही पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी ली और उपकार्यालय की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।









