
कटनी में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में देश और प्रदेश से जुड़े कई गंभीर जनहित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करते हुए 24 फरवरी को भोपाल में प्रस्तावित किसान चौपाल और विधानसभा घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने का ऐलान किया प्रेस वार्ता में सबसे पहले भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर चिंता जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह समझौता देशहित के बजाय अमेरिकी दबाव में किया जा रहा प्रतीत होता है। उनका कहना है कि ऐसी नीतियों का प्रतिकूल प्रभाव किसानों, लघु उद्योगों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है। कांग्रेस ने मांग की कि भारत की आर्थिक नीतियाँ पूरी तरह स्वदेशी हितों के अनुरूप बनाई जाएं
इसके बाद छिंदवाड़ा में कथित रूप से कफ सिरप सेवन से हुई दुखद घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।
कांग्रेस ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की नेताओं ने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता और स्वास्थ्य व्यवस्था पर नियंत्रण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने इंदौर के भगीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जल पीने से लगभग 35–40 लोगों की मौत की घटना को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताया इस मामले में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और संबंधित नगर प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की गई। कांग्रेस ने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार का मूल कर्तव्य है और इसमें विफलता अक्षम्य है। प्रेस वार्ता में मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी के लिए कथित रूप से प्रयुक्त आपत्तिजनक शब्दों की कड़ी निंदा की गई। कांग्रेस ने इसे सेना और महिला सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए तत्काल कार्रवाई और इस्तीफे की मांग की साथ ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के प्रति पूर्व में की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की भी निंदा की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वीकार्य हैं, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी अनुचित है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वर्तमान मोहन सरकार मध्यप्रदेश को सुचारु रूप से संचालित करने में असफल साबित हो रही है और प्रशासनिक संवेदनशीलता व जवाबदेही का अभाव लगातार दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस ने बताया कि 24 फरवरी को भोपाल में आयोजित किसान चौपाल और विधानसभा घेराव कार्यक्रम में राष्ट्रीय नेतृत्व शामिल होगा। कार्यक्रम को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी संबोधित करेंगे जिला कांग्रेस कमेटी ने बताया कि कटनी जिले से सैकड़ों कांग्रेसजन भोपाल पहुंचकर विधानसभा घेराव में भाग लेंगे और किसानों, युवाओं, मजदूरों तथा आम नागरिकों के अधिकारों की आवाज बुलंद करेंगे।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, महिला अध्यक्ष रजनी वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






