
newsvoiceofindia/
कटनी।किसी भी शहर की पहचान में स्थानीय चौपाटी की अहम भूमिका होती है। चौपाटी का निर्माण बार-बार संभव नहीं होता, इसलिए इसके निर्माण में दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाया जाना आवश्यक है। चौपाटी को व्यवस्थित, सुविधायुक्त एवं नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाए तथा इसमें आवश्यक नागरिक सुविधाओं को समाहित कर समुचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
यह निर्देश नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार शाम निर्माणाधीन नवीन चौपाटी के स्थल निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, उपयंत्री संजय मिश्रा सहित संविदाकार एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने चौपाटी निर्माण की ड्राइंग एवं डिजाइन का अवलोकन किया। साथ ही स्थल पर निर्मित संरचनाओं, चौपाटी के विकास कार्यों हेतु उपलब्ध रिक्त भूमि, पार्किंग स्थल एवं बैठक व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि चौपाटी परिसर के भीतर पार्किंग की बजाय, समीप के अन्य उपयुक्त स्थल पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए निगमायुक्त सुश्री परिहार ने कहा कि नवीन चौपाटी को इंदौर की छप्पन और जयपुर की चौपाटी की तर्ज पर अलग-अलग सेक्शन में सुव्यवस्थित, स्वच्छ और नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाए।
उन्होंने फूड स्टॉल्स की नियोजित व्यवस्था, पर्याप्त बैठने की सुविधा, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही चौपाटी को पारिवारिक और सुरक्षित वातावरण के साथ विकसित करने पर जोर दिया, ताकि यह नागरिकों के लिए एक आकर्षक और सुविधाजनक स्थल बन सके।
इसके अलावा निगमायुक्त ने निरीक्षण के दौरान दीनदयाल रसोई, रोटी कुटी एवं पूर्व स्थापित चौपाटी के रिक्त परिसर का भी अवलोकन किया उन्होंने हाउसिंग बोर्ड द्वारा प्रस्तावित निर्माण कार्यों के स्थलों की जानकारी ली और जिला चिकित्सालय, मुड़वारा स्टेशन, फॉरेस्टर प्लेग्राउंड सहित चौपाटी आने वाले नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मल्टी-लेवल पार्किंग के लिए क्षेत्र में उपयुक्त स्थल का चयन करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।








